रायपुर। लोककला की मशहूर कलाकार और पद्म विभूषण सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय पंडवानी गायिका तीजन बाई को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए एडमिट किया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
तीजन बाई पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें एम्स रायपुर में परीक्षण के लिए लाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए एक विशेष चिकित्सक दल गठित किया गया है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायपुर आगमन के दौरान फोन पर तीजन बाई से बातचीत की थी। प्रधानमंत्री ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और राज्य सरकार को उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
प्रधानमंत्री की पहल के बाद राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीजन बाई को रायपुर एम्स में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनके सभी आवश्यक टेस्ट कर रही है।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी तीजन बाई ने पंडवानी कला को न सिर्फ राष्ट्रीय, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके स्वास्थ्य की खबर सुनते ही पूरे प्रदेश और कला जगत में चिंता का माहौल है। प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
