CG: तालाब किनारे मिला विकसित भ्रूण, इलाके में मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हृदयलाल चौक के पास स्थित ESIC अस्पताल के नजदीक तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी जगह पर पहले भी भ्रूण मिलने की घटना सामने आ चुकी है। लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भ्रूण को यहां छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण यहां तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

स्थानीय नागरिकों ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच तेज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर यह इस स्थान पर दूसरी घटना है तो प्रशासन को विशेष निगरानी की जरूरत है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *