जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद द्वारा 28 अक्टूबर 2026 बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी प्रतिष्ठानों में विभिन्न पदों पर कुल 195 रिक्तियों के लिए भर्ती की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग तथा संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, रायपुर के निर्देशानुसार यह आयोजन जिला रोजगार कार्यालय परिसर, गरियाबंद में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। रोजगार मेले में फायर, सेफ्टी एवं डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, भिलाई-दुर्ग तथा स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर में उपलब्ध रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सिक्योरिटी गार्ड, फायरमैन, पैकेजिंग स्टाफ, हेवी लाइसेंसधारी ड्राइवर, वार्ड बॉय, फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के पद शामिल हैं। दोनों निजी प्रतिष्ठानों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए कुल 195 रिक्तियां उपलब्ध हैं।
8वीं पास से स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थियों को अवसर –
रोजगार मेले में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा पीजीडीसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा सभी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताओं से संबंधित अंकसूची और प्रमाणपत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को ई-रोजगार डॉट सीजी डॉट जीओवी डॉट इन अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेले के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद के दूरभाष नंबर 07706-241269 अथवा मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है।
