CG: घर के कमरे में दंपति का बोरियों में मिला शव

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के परसापारा गांव में पति-पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दंपति के शव घर के एक कमरे में बोरियों में बंद मिले। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (52) के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा सोमवार को उस समय हुआ, जब मृतक दंपति के छोटे बेटे मोहन ने घर में खून से सनी बोरियां देखीं। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से दोनों शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपति की हत्या कुल्हाड़ी या किसी अन्य धारदार हथियार से की गई है। हत्या के बाद शवों को बोरियों में भरकर कमरे में छिपाने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।

बड़े बेटे पर पुलिस का शक

मामले में पुलिस को दंपति के बड़े बेटे जादू यादव (34) पर संदेह है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से जादू फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं की है और न ही उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि हुई है।

मृतक के छोटे बेटे मोहन ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई जादू अविवाहित था और मानसिक रूप से बीमार बताया जाता है। पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाकर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

दंपति की हत्या किस वजह से की गई, वारदात कब हुई और इसमें कौन-कौन शामिल था, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल पुलिस फरार जादू यादव की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *