राज्योत्सव में PM मोदी करेंगे नयी विधानसभा का लोकार्पण : मुख्यमंत्री-विधानसभा अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, सितम्बर की डेटलाइन तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश

रायपुर। नवा रायपुर में निर्माणाधीन नयी विधानसभा पूर्णता की ओर है।कल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसका निरीक्षण किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा सितम्बर 2025 तक सभी काम पूर्ण करने का निर्देश दिया। ताकि राज्योत्सव 1 नवम्बर को इसे जनता को समर्पित किया जा सके।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह साल राज्य का रजत जयंती वर्ष है, इस वर्ष ही राज्य को नया-भव्य विधानसभा भवन प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से इसका लोकार्पण प्रस्तावित है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नए विधानसभा भवन का निर्माण अब अंतिम चरण में है। आज विधानसभा सदन, विधानसभा अध्यक्ष का कक्ष, मुख्यमंत्री का कक्ष तथा सम्पूर्ण परिसर का अवलोकन कर निर्माण की प्रगति का निरीक्षण किया गया। निर्धारित समय पर नवीन विधानसभा भवन का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।

नवीन विधानसभा भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। भवन में तीन प्रमुख विंग निर्मित किए जा रहे हैं – विंग-ए में विधानसभा सचिवालय, विंग-बी में मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय सहित विधानसभा सदन व सेंट्रल हॉल, तथा विंग-सी में उप मुख्यमंत्रियों एवं अन्य मंत्रियों के कार्यालय स्थित होंगे।

52 एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित नयी विधानसभा में 200 विधायकों के बैठने की क्षमता होगी। 500 दर्शकों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, 700 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। डेढ़-डेढ़ एकड़ के दो सरोवर भी प्रस्तावित हैं।
निरीक्षण के दौरान अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *