CG: जादू टोना करने का आरोप लगाकर महिला से की बर्बरता

रायपुर। सूरजपुर जिले में महिला (40 वर्षीय) के साथ जादू टोना करने का आरोप लगाकर बर्बरता का मामला आया है. जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने महिला से गाली-गलौज किया. निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर जमकर पीटा. मारपीट में शरीर के हिस्सों में चोटें आई. इस दौरान जान से मारने की भी धमकी दी गई.

जमीन विवाद को लेकर रंजिश
पूरा मामला रामानुजनगर थाना इलाके के परशुरामपुर सोरीपारा गांव का है. जहां गोंड जाति की बजारो बाई शनिवार सुबह अपने घर के बाड़ी में उड़द के फल तोड़ रही थी. तभी उनके पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंच गई. उसने टोनही होने का आरोप लगाते हुए अश्लील गाली-गलौज की. फिर उसकी बहु और 2 अन्य महिलाएं भी आ गई. सभी ने मारपीट करते हुए पीड़िता को निर्वस्त्र कर दिया और पेड़ से बांध दिया.

पेड़ से बांधकर पीटा
आरोपियों ने पीड़िता के साथ जान से मारने की धमकी देकर जमकर मारपीट की और लज्जा को भंग किया. इस दौरान घर के पास से गुजर रहे ग्रामीणों और परिजनों ने बीच बचाव किया, जिसके बाद पीड़िता के हाथ पैर खोलकर आजाद कराया गया. मारपीट में सिर, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं.

जेल भेजे गए आरोपी
पीड़िता की पति ने थाना पहुंचकर घटना के संबंध में शिकायत दी. इसके आधार पर पुलिस ने धारा 76, 127 (2), 296, 351(3) 115(2), 3 (5) बीएनएस और टोनी प्रताड़ना अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की. घटना में शामिल चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *