रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ दूसरे युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद कथित तौर पर टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल से हुई थी पहचान, फिर बढ़ी नजदीकियां
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर सूर्यवंशी निवासी मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन के माध्यम से शंकर की बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
महिला से मिलने धमतरी पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को शंकर सूर्यवंशी अपनी महिला मित्र से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया और दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
टंगिया से हमला, मौके पर हुई मौत
पत्नी के साथ युवक को देखकर आरोपी पति गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने टंगिया से शंकर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
