रायपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, महासमुंद में सोमवार से 10 दिवसीय निःशुल्क मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण युवक-युवतियाँ एवं महिलाएँ उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
बड़ौदा आरसेटी के निदेशक टुटु बेहरा ने बताया कि प्रशिक्षण की कुछ सीटें अभी भी रिक्त हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को इन रिक्त सीटों पर 4 एवं 5 अगस्त 2026 को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित सीटें पूर्ण होने अथवा प्रवेश अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी का प्रवेश नहीं किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक, स्पॉन (बीज) की जानकारी, उत्पादन एवं प्रबंधन, पैकेजिंग, विपणन तथा स्वरोजगार स्थापित करने से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रतिभागियों को अध्ययन सामग्री, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र तथा स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्थान ने जिले के इच्छुक ग्रामीण युवक-युवतियों, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथियों में शीघ्र प्रवेश प्राप्त करें। अधिक जानकारी एवं प्रवेश के लिए कमलेश पटेल के मोबाइल नंबर 7999700673 एवं रितेश पटेल के मोबाइल नंबर 9691089327 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
