रायपुर। जशपुर जिले में गणेश विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। जिसमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मौके के पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही कर रही है। इस हादसे के बाद पूरा गांव में शोक में डूबा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार , दर्दनाक हादसा बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरूड़ांड़ का है। लोग गणेश प्रतिमा को नाचते-गाते विसर्जित करने गए थे, लेकिन लौटने के दौरान पर्व की खुशियां मातम में बदल गई। तेज रफ्तार बोलेरो (CG 15 CR 1439) ने वापस घर लौट रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।
इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 24 से अधिक लोग घायल हो गए, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।वहीं कुछ को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।