CG : आयुष्मान कार्ड बना मालती बंजारे के लिए इलाज का सहारा

बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम मुच्छमल्दा निवासी 53 वर्षीय श्रीमती मालती बंजारे लंबे समय से बच्चेदानी संबंधी स्वास्थ्य समस्या से परेशान थीं। बीमारी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चेदानी के ऑपरेशन (हिस्टेरेक्टॉमी) की सलाह दी।

परिवार के सामने इलाज के खर्च को लेकर चिंता थी, लेकिन मालती बंजारे के पास आयुष्मान कार्ड होने से उपचार का रास्ता आसान हो गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली और आवश्यक जांच के बाद बच्चेदानी का सफल ऑपरेशन किया गया। योजना के अंतर्गत उपचार मिलने से परिवार को इलाज के खर्च का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा।

ऑपरेशन के बाद मालती की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हुआ। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में आवश्यक उपचार एवं परामर्श के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में घर भेज दिया गया। मालती और उनके परिजनों ने आयुष्मान भारत योजना के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के कारण समय पर आवश्यक उपचार मिल सका और इलाज के खर्च की चिंता से भी राहत मिली।

प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के दौरान जरूरतमंद लोगों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर और आवश्यक उपचार की सुविधा मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग ने पात्र परिवारों से आयुष्मान कार्ड बनवाने और उपलब्ध स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *