CG: रेत में दबी मिली युवती की लाश की हुई पहचान, 4 युवकों से पूछताछ जारी

महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत का मामला सामने आया है। नाले के पास रेत के अंदर मिले शव की पहचान झारा गांव की रहने वाली भारती टंडन के रूप में हुई है। 18 वर्षीय भारती के लापता होने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार भारती 18 जून को घर से निकली थी। परिजनों के मुताबिक वह रामखेड़ा निवासी पुष्पेंद्र सेन के यहां गई थी। इसके अगले दिन 19 जून को भारती का जन्मदिन भी था। जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिवार ने खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

इसके बाद 22 जून को झारा-रामखेड़ा मार्ग के पास नाले के किनारे ग्रामीणों को रेत में दबा हुआ शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान शव की पहचान भारती टंडन पिता श्यामलाल टंडन निवासी झारा के रूप में की गई।

पुलिस को शुरुआती जांच में युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सिर पर करीब 6 इंच गहरा घाव होने की बात सामने आई है। घटनास्थल से एक चप्पल मिलने की जानकारी भी सामने आई है, जिसे जांच के दौरान देखा जा रहा है।

मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुष्पेंद्र सेन समेत चार युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

वहीं भारती के परिजन घटना को लेकर निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *