रायपुर। कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने किशोरी को जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी के नाबालिग होने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राहुल मंडावी (20) की पहचान पीड़िता से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। राहुल किशोरी को घूमने के बहाने जंगल ले गया, जहां उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी किशोरी को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
देर रात तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोरी घर से करीब 30 किलोमीटर दूर जंगल में मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल मंडावी निवासी घोरदा शीतलापारा, संतोष मंडावी (24) और मनीष सेवता (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खेती-किसानी और मजदूरी का काम करते हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी के नाबालिग होने की आशंका है। उसकी उम्र की पुष्टि के लिए विधिवत जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
