रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित मिनी माता महतारी जतन योजना के तहत गरियाबंद जिले की हितग्राही कविता को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। कविता ने बताया कि प्राप्त सहायता राशि का उपयोग वे अपने बच्चों के लालन-पालन, देखभाल एवं आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में करेंगी।
उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों की महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिससे मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता मिलती है और नवजात शिशु के बेहतर पालन-पोषण में मदद प्राप्त होती है। उन्होंने अन्य पात्र हितग्राहियों से भी योजना का लाभ लेने की अपील की। मिनी माता महतारी जतन योजना का लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिक महिला अथवा पंजीकृत निर्माण श्रमिक की पत्नी को दिया जाता है।
इसके लिए हितग्राही का श्रम विभाग में पंजीयन होना आवश्यक है। बच्चे के जन्म के बाद निर्धारित आवेदन पत्र के साथ जन्म प्रमाण पत्र, श्रमिक पंजीयन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित श्रम कार्यालय या जनपद, श्रम सुविधा केंद्र में जमा किए जा सकते हैं। पात्रता की जांच उपरांत स्वीकृत राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जाती है। कविता धु्रव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं पोषित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
