रायपुर। प्रदेश में बुधवार रात हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान के बीच कई जिलों में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत कलगांव में बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
जानकारी के अनुसार, कलगांव में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उपसरपंच सहित दो अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कई महिलाएं भी घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
