युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, साथी फरार — पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। सरगुजा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है। वारदात के बाद उसका साथी रहस्यमय तरीके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। राजू कुछ महीने पहले अपने एक साथी के साथ कुदारीडीह स्थित निर्माणाधीन वसुंधरा सिटी कॉलोनी में मजदूरी करने आया था। दोनों वहीं मजदूरों के लिए बनी एक झोपड़ी में रहते थे।

मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने जब झोपड़ी के पास खून से लथपथ शव देखा तो कमलेश्वर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब शव का निरीक्षण किया तो युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

थाना प्रभारी मनोज प्रजापती के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि राजू की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई है। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात राजू का अपने साथी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से वह साथी लापता है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर घटना की पूरी सच्चाई उजागर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *